राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लद्दाख में सियाचिन बेस कैंप का दौरा किया

naveen

Moderator

1 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लद्दाख में सियाचिन बेस कैंप का दौरा किया​


cu-20240927090719.jpg


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लद्दाख में सियाचिन बेस कैंप का दौरा किया और सियाचिन ग्लेशियर में तैनात सैनिकों और अधिकारियों से बातचीत की। श्रीमती मुर्मु ने सैनिकों को संबोधित करते हुए चुनौतीपूर्ण और विषम परिस्थितियों में राष्ट्र की रक्षा करने के लिए उनकी बहादुरी की प्रशंसा की। उन्होंने वहां तैनात सैनिकों के परिवारों और रिश्तेदारों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने सियाचिन बेस युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम और राम नाथ कोविंद के बाद सियाचिन ग्लेशियर का दौरा करने वाली श्रीमती मुर्मु तीसरी राष्ट्रपति हैं। काराकोरम रेंज में स्थित सियाचिन ग्लेशियर दुनिया का सबसे ऊंचा सैन्‍य क्षेत्र है और भारतीय सेना अप्रैल 1984 में चलाए गए ऑपरेशन मेघदूत के बाद से इसकी रक्षा कर रही है।

2 परम रुद्र सुपरकंप्यूटिंग सिस्टम और मौसम तथा जलवायु के लिए एक उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग सिस्टम का शुभारंभ​


cu-20240927090909.jpg


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुणे में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्‍यम से तीन परम रुद्र सुपर कंप्यूटर राष्ट्र को समर्पित किए। श्री मोदी ने मौसम और जलवायु अनुसंधान के लिए तैयार एक उच्च–प्रदर्शन कंप्यूटिंग–एचपीसी प्रणाली का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने तीन परम रुद्र सुपर कंप्यूटर बनाए हैं। ये सुपर कंप्यूटर दिल्ली, पुणे और कोलकाता में लगाए गए हैं। आज ही ‘अर्का’ और ‘अरुणिका’ 2 हाई-परफॉरमेंस कंप्यूटिंग सिस्टम का उद्घाटन भी किया गया है। प्रधानमंत्री ने इसके लिए देश के वैज्ञानिक समुदाय, इंजीनियरों और सभी देशवासियों को बधाई दी। स्वेदशी तकनीक से निर्मित परम रुद्र सुपरकंप्यूटर भारत के राष्ट्रीय सुपरकंयूटिंग मिशन (NSM) के तहत तैयार किए गए हैं। इनकी लागत 130 करोड़ रुपए आई है। 2015 में राष्ट्रीय सुपरकंप्यूटिंग मिशन शुरू किया। पीएम ने बताया कि अर्का और अरुणिका नाम सूर्य से संबंधित है। मौसम और जलवायु अनुसंधान के लिए तैयार 850 करोड़ रुपये के हाई-परफार्मेंस कंप्यूटिंग सिस्टम को पुणे स्थित भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान और नोएडा स्थित राष्ट्रीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र में स्थापित किया गया।

3 भारत को मिली बड़ी जिम्मेदारी, पंद्रह सदस्यीय ग्लोब संचालन समिति के लिए चुना गया भारत​


cu-20240927092611.jpg


भारत को पंद्रह सदस्यीय ग्लोब संचालन समिति (ग्लोब स्टीयरिंग कमेटी) के लिए चुना गया है।इसका फैसला चीन की राजधानी बीजिंग में गुरुवार को आयोजित पूर्ण अधिवेशन के दौरान लिया गया। संचालन समिति के सदस्य के रूप में भारत भ्रष्टाचार और संपत्ति वसूली के खिलाफ वैश्विक एजेंडे को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को जारी बयान में यह जानकारी दी। ग्लोब नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए महत्वपूर्ण मंच है और भारत की भागीदारी सीमा पार वित्तीय अपराधों और भ्रष्टाचार से निपटने के अपने प्रयासों को मजबूत करेगी। भ्रष्टाचार विरोधी कानून प्रवर्तन प्राधिकरणों का वैश्विक परिचालन नेटवर्क (ग्लोब नेटवर्क) जी 20 की पहल थी। भारत ने 2020 में इस पहल का समर्थन किया था। ग्लाेब नेटवर्क को आधिकारिक तौर पर 3 जून 2021 को भ्रष्टाचार के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र महासभा के विशेष सत्र (यूएनजीएएसए) में विशेष कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया था। ग्लोब नेटवर्क में अब 121 सदस्य देश और 219 सदस्य प्राधिकरण हैं। गृह मंत्रालय (एमएचए) ग्लोब नेटवर्क के लिए केंद्रीय प्राधिकरण है और केंद्रीय जांच ब्यूराे (सीबीआई) व परावर्तन निदेशालय (ईडी) भारत से इस नेटवर्क के सदस्य प्राधिकरण हैं।

4 दलित अत्याचार में यूपी, एमपी, राजस्थान टॉप परः रिपोर्ट​


cu-20240927094306.jpg


दलितों एवं आदिवासियों पर अत्याचार के मामले में राजस्थान और मध्यप्रदेश की हालत खराब है। अनुसूचित जाति पर अत्याचार के दर्ज मामलों में उत्तर प्रदेश टॉप पर है लेकिन राजस्थान और मध्य प्रदेश दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की 2022 के आंकड़ों पर ताजा रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया है। जनजाति अत्याचार के मामलों में भी मध्यप्रदेश और राजस्थान दूसरे और तीसरे नंबर है। अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण कानून के प्रावधानों के तहत मंत्रालय यह वार्षिक रिपोर्ट जारी करता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अजा अत्याचार के 97.7 फीसदी मामले देश के 13 राज्यों में है जबकि जनजाति अत्याचार के करीब 99 फीसदी मामले 13 राज्यों में केंद्रित हैं। रिपोर्ट के अनुसार अजा-जजा अत्याचार निवारण कानून के तहत कोर्ट से सजा के मामलों में गिरावट आई है।वर्ष 2022 में केवल 32.4 फीसदी मामलों में सजा हुई जबकि 2020 में यह आंकड़ा 39.2 प्रतिशत था। रिपोर्ट में इस रुझान को चिंताजनक माना गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि एससी पर अत्याचार से संबंधित 60.38 प्रतिशत मामलों में आरोप पत्र दायर किए गए, जबकि 14.78 प्रतिशत मामलों में झूठे दावों या साक्ष्यों के अभाव के कारण पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगा दी। एसटी से संबंधित 63.32 प्रतिशत मामलों में आरोप पत्र दाखिल किए गए, जबकि 14.71 प्रतिशत मामलों में एफआर लगाई गई।

5 हुरुन इंडिया अंडर-35 लिस्ट जारी की​


cu-20240927082029.jpg


हुरुन इंडिया ने साल 2024 के लिए हुरुन इंडिया अंडर 35 की लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट में ईशा अंबानी और परिता पारेख को सबसे कम उम्र की महिला के रूप में शामिल किया गया है। इस लिस्‍ट में 35 साल के कम उम्र के 150 आंत्रप्रेन्‍योर को शामिल किया गया है। ईशा रिलायंस रिटेल की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और मुकेश अंबानी की बेटी हैं। परिता पारेख टीचिंग एंड लर्निंग प्लेटफॉर्म टॉडल की फाउंडर हैं। इस लिस्ट में फिजिक्स वाला के फाउंडर और टीचर अलख पांडे भी शामिल हैं। शेयरचैट के अंकुश सचदेवा और रिलायंस जियो के आकाश अंबानी (31 साल) को सबसे कम उम्र के इंडिविजुअल आंत्रप्रेन्योर के तौर पर शामिल किया गया है। हुरुन इंडिया की इस रिपोर्ट में शामिल 82% आंत्रप्रेन्योर सेल्फमेड हैं। लिस्ट में अनेरी पटेल, अनीशा तिवारी और अंजलि मर्चेंट समेत 7 अन्य महिला आंत्रप्रेन्योर शामिल हैं, जिनकी उम्र 33 या 34 साल है। ये सभी अपने फैमिली बिजनेस को जारी रखने वाली वुमन लीडर्स में टॉप पर हैं। ट्राया हेल्थ की मालकिन 34 साल की सलोनी आनंद भी लिस्ट में हैं। इसके अलावा, मामा अर्थ की ओनर गजल अलघ का भी नाम लिस्ट में है। बेंगलुरु से सबसे ज्यादा 29 और मुंबई से 26 लोग हैं।

6 MP के 28वें चीफ जस्टिस बने जस्टिस कैत​


cu-20240927082406.jpg


25 सितंबर को जस्टिस सुरेश कुमार कैत ने मध्यप्रदेश के 28वें चीफ जस्टिस के तौर पर शपथ ली है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में उनको शपथ दिलाई। जस्टिस कैत हरियाणा में कैथल जिले के रहने वाले हैं। मध्यप्रदेश के चीफ जस्टिस के तौर पर उनका कार्यकाल 6 महीने का होगा। सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 17 सितंबर को उनके नाम की मध्यप्रदेश के चीफ जस्टिस पद के लिए सिफारिश की थी।

7 झारखंड के चीफ जस्टिस बने एमएस रामचंद्र राव​


cu-20240927082506.jpg


25 सितंबर को जस्टिस एमएस रामचंद्र राव ने झारखंड हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली। इससे पहले वे हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में कार्यरत थे। वे राज्य के 16वें चीफ जस्टिस बने। झारखंड में 19 दिसंबर 2023 से चीफ जस्टिस का पद खाली था। जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद एक्टिंग चीफ जस्टिस के रूप में काम कर रहे थे।

8 पैरासिटामोल सहित 53 दवाएं क्वालिटी टेस्ट में फेल​


cu-20240927082641.jpg


पैरासिटामोल सहित 53 दवाइयां भारत के ड्रग रेगुलेटर की ओर से किए गए क्वालिटी टेस्ट में फेल हो गई हैं। इनमें विटामिन, शुगर और ब्लड प्रेशर की दवाओं के अलावा एंटीबायोटिक्स भी शामिल हैं। देश की सबसे बड़ी ड्रग रेगुलेटरी बॉडी सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (CDSCO) ने 25 सितंबर को इसकी लिस्ट जारी की है। NSQ अलर्ट स्टेट ड्रग ऑफिसर्स की ओर से की जाने वाली रैंडम मंथली सैंपलिंग से जनरेट होते हैं। विटामिन C और D3 टैबलेट शेल्कल, विटामिन B कॉम्प्लेक्स और विटामिन C सॉफ्टजेल, एंटीएसिड पैन-डी, पैरासिटामोल टैबलेट IP 500 mg, एंटी डायबिटिक दवा ग्लिमेपिराइड, हाई ब्लड प्रेशर की दवा टेल्मिसर्टन समेत कई अन्य दवाएं उन 53 सबसे अधिक बिकने वाली दवाओं में शामिल हैं।

9 केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते में संशोधन कर न्यूनतम मजदूरी दरों में बढ़ोतरी की घोषणा की है​


cu-20240927091425.jpg


केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते में संशोधन कर न्यूनतम मजदूरी दरों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई वेतन दरें अगले महीने एक अक्‍तूबर से लागू हो जाएंगी। न्यूनतम मजदूरी दरों को अकुशल, अर्ध-कुशल, कुशल और अत्यधिक कुशल, श्रेणी और विभिन्‍न भौगोलिक क्षेत्रों के अनुसार वर्गीकृत किया गया है। इस संशोधन के बाद अकुशल श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी दरें सात सौ 83 रुपये प्रतिदिन होंगे। अर्ध-कुशल श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन आठ सौ 68 रुपये प्रतिदिन होगा, और कुशल श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन नौ सौ 54 रुपये प्रतिदिन होगा। अत्यधिक कुशल श्रमिकों के लिए संशोधित वेतन एक हजार 35 रुपये प्रति दिन होगा।

10 केंद्रीय कपड़ा मंत्री द्वारा ‘परिधि 24×25’ का शुभारंभ​


cu-20240927094925.jpg


केन्‍द्रीय वस्‍त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने केन्‍द्रीय विदेश एवं कपड़ा राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा की उपस्थिति में 5 सितम्‍बर 2024 को इंडिया-स्‍पेसिफिक फैशन ट्रेंड बुक, विजनेक्स्ट के एक द्विभाषी वेब पोर्टल “परिधि 24×25” और एआई टैक्सोनॉमी ई-बुक का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में फैशन, कपड़ा और खुदरा क्षेत्र के 150 से अधिक उद्योगपतियों के साथ-साथ विभिन्न शिल्प समूहों के मशहूर शिल्पकारों और बुनकरों ने भाग लिया। विजनेक्स्ट ने अब तक 60 से अधिक माइक्रो ट्रेंड रिपोर्ट, 10 से अधिक क्लोज-टू-सीज़न ट्रेंड रिपोर्ट, 3 से अधिक शोध पत्र और भारतीय परिधान श्रेणियों की पहली एआई टैक्सोनॉमी बुक तैयार की है। विजनेक्स्ट ने भारत को वैश्विक स्तर पर उन देशों में स्थान दिलाया है जो फैशन के रुझानों की भविष्यवाणी करते हैं, जिससे भारतीय फैशन की शब्दावली और पहचान बढ़ती है और साथ ही अंतर्राष्ट्रीय ट्रेंड एजेंसियों पर निर्भरता कम होती है। पूर्वानुमान क्षेत्र में भारत के प्रवेश से वैश्विक पूर्वानुमान एजेंसियों पर निर्भरता कम होगी, भारतीय फैशन उपभोक्ताओं के बारे में अनूठी जानकारी मिलेगी, वस्त्रों के साथ सूचना प्रौद्योगिकी में भारत की ताकत जुड़ेगी और कृत्रिम और मानवीय बुद्धिमत्ता का संयोजन होगा।
 
Top
AdBlock Detected

We get it, advertisements are annoying!

Sure, ad-blocking software does a great job at blocking ads, but it also blocks useful features of our website. For the best site experience please disable your AdBlocker.

I've Disabled AdBlock